मुंबई, 22 अप्रैल, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर सऊदी अरब पहुंच गए हैं। लैंडिंग से पहले सऊदी के एयरस्पेस में उनके प्लेन के एंटर होने पर सऊदी के लड़ाकू विमानों ने पीएम मोदी के प्लेन को सुरक्षा मुहैया कराई। सऊदी पहुंचने पर उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। पीएम के तीसरे कार्यकाल में यह पहली सऊदी यात्रा है। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने PM मोदी को सऊदी आने का न्योते दिया था। मोदी सऊदी के जेद्दाह पहुंचें। इसके बाद क्राउन प्रिंस से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच योग, मीडिया, मनोरंजन और खेल को लेकर MoU साइन हो सकते हैं। इसके बाद कल यानी 23 अप्रैल को मोदी सऊदी की एक फैक्ट्री में भारतीय मजदूरों से मिलेंगे। बता दें कि मिडिल ईस्ट में कुल 92 लाख भारतीय काम करते हैं, जिनमें करीब 27 लाख सऊदी में काम करते हैं।
आपको बता दें, प्रधानमंत्री मोदी की यह तीसरी सऊदी यात्रा है। इससे पहले वो 2016 और 2019 में सऊदी गए थे। जबकि MBS अब तक 2019 और 2023 में भारत दौरे पर आ चुके हैं। MBS का 2022 में भारत आने का प्लान था, लेकिन बिजी शेड्यूल की वजह से यह दौरा टल गया था। दोनों देशों के बीच 1947 से डिप्लोमैटिक रिलेशन हैं, 2010 में इन्हें स्ट्रैटेजिक रिलेशन में बदल दिया गया था। 2024 की शुरुआत से अब तक भारत की ओर से सऊदी अरब की 11 मंत्री स्तरीय यात्राएं हो चुकी हैं। जबकि सऊदी अरब के विदेश मंत्री और उद्योग एवं खनिज संसाधन मंत्री क्रमशः नवंबर 2024 और फरवरी 2025 में भारत दौरे पर आए थे।